Skip to content
November 28, 2026
November 28, 2026

ज्योतिर्मठ सीएचसी में शुरू हुई अल्ट्रासाउंड सुविधा, पहले दिन 12 मरीजों को मिला लाभ

2 min read

ज्योतिर्मठ में शुरू हुई अल्ट्रासाउंड सुविधा

ज्योतिर्मठ (चमोली)। चमोली जिले के ज्योतिर्मठ क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ज्योतिर्मठ में अल्ट्रासाउंड सुविधा का संचालन शुरू कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा रोटेशन के आधार पर सप्ताह में एक दिन रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती की गई है। सुविधा शुरू होने के पहले ही दिन 12 मरीजों का अल्ट्रासाउंड किया गया।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव सिंह पाल ने बताया कि अब तक सीएचसी ज्योतिर्मठ में अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। इसके कारण गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य मरीजों को अल्ट्रासाउंड जांच के लिए जिला मुख्यालय या अन्य अस्पतालों का रुख करना पड़ता था। इससे मरीजों को समय और आर्थिक दोनों तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

पोखरी महाविद्यालय में हिंदी दिवस पर विचार गोष्ठी आयोजित, हिंदी भाषा के महत्व पर हुई चर्चा

उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय जनता की समस्याओं को देखते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार ने स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जिला चिकित्सालय में तैनात रेडियोलॉजिस्ट डॉ. गरिमा चौधरी को प्रत्येक बुधवार सीएचसी ज्योतिर्मठ में अल्ट्रासाउंड सेवा संचालित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बुधवार को डॉ. गरिमा चौधरी अवकाश पर थीं, जिसके चलते महिला बेस चिकित्सालय में तैनात रेडियोलॉजिस्ट डॉ. गौरव शाह ने सीएचसी ज्योतिर्मठ पहुंचकर मरीजों का अल्ट्रासाउंड किया। पहले दिन कुल 12 मरीजों को इस सुविधा का लाभ मिला।

गोपेश्वर में USF की शक्ति प्रदर्शन रैली, छात्र हितों के मुद्दों पर बुलंद हुई आवाज

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि नियमित रूप से अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध होने से ज्योतिर्मठ, तपोवन, हेलंग, पांडुकेश्वर तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को अब जांच के लिए दूर-दराज के अस्पतालों में नहीं जाना पड़ेगा।

इस अवसर पर एसीएमओ डॉ. वैष्णव कृष्णा, जिला शासकीय अधिवक्ता प्रकाश भंडारी, राजस्व निरीक्षक चन्द्र सिंह बुटोला, प्रभारी चिकित्साधिकारी सीएचसी ज्योतिर्मठ डॉ. गौतम कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

क्षेत्रीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

ताज़ा समाचार अपडेट के लिए जुड़े रहें BBU उत्तराखंड पर।



ताज़ा समाचार अपडेट के लिए जुड़े रहें BBU उत्तराखंड पर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Menu

Search news