Skip to content
November 29, 2026
November 29, 2026

सूना पड़ा पटूड़ी गांव, बुजुर्ग भाई-बहन के लिए पुलिस बनी सहारा; 10 दिन से बिना नमक के गुजारा कर रही थीं पुष्पा

3 min read

पांडुकेश्वर (चमोली)। चारधाम यात्रा और कपाट बंद होने के साथ पहाड़ के कई गांवों में एक बार फिर पलायन की तस्वीर दिखाई देने लगी है। पांडुकेश्वर के ग्राम पटूड़ी में इन दिनों अधिकांश घर सूने पड़े हैं। करीब 70 परिवारों वाले इस गांव के अधिकांश लोग कपाट बंद होने तक लामबगड़ चले गए हैं। गांव में अब न बच्चों की आवाज सुनाई दे रही है और न ही पहले जैसी चहल-पहल नजर आती है।

इसी सूने गांव में 78 वर्षीय हिम्मत सिंह चौहान और उनकी 65 वर्षीय बहन कुमारी पुष्पा अलग-अलग रहकर जीवन गुजार रहे हैं। उम्र का तकाजा, आजीविका का कोई साधन नहीं और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए गांव के लोगों पर निर्भरता के बीच जब पूरा गांव खाली हो गया तो उनके लिए मदद मिलना भी मुश्किल हो गया।

पुलिस को मिली बुजुर्ग भाई-बहन के अकेले रहने की जानकारी

पुलिस को जब पटूड़ी गांव में बुजुर्ग भाई-बहन के अकेले रहने की जानकारी मिली तो थाना गोविंदघाट से उपनिरीक्षक नवनीत भंडारी और उपनिरीक्षक रुकम सिंह पुलिस टीम के साथ उनका हाल जानने गांव पहुंचे।

पुलिस टीम जब उनके घर पहुंची तो वहां की स्थिति देखकर पता चला कि घर में राशन पूरी तरह खत्म हो चुका था। पूछताछ में सामने आया कि कुमारी पुष्पा पिछले करीब 10 दिनों से बिना नमक के खाना खाकर किसी तरह अपना गुजारा कर रही थीं।

पुलिस ने तत्काल उपलब्ध कराया राशन

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कर्मियों ने देर नहीं की और दोनों बुजुर्ग भाई-बहन के लिए सम्पूर्ण राशन एवं आवश्यक खाद्य सामग्री की व्यवस्था करवाई।

पुलिस की इस पहल से हिम्मत सिंह चौहान और कुमारी पुष्पा को बड़ी राहत मिली। सुनसान गांव में लंबे समय से अकेले रह रहे बुजुर्गों के लिए पुलिस की यह मदद मुश्किल समय में एक बड़े सहारे के रूप में सामने आई।

जंगली जानवरों से सतर्क रहने की दी हिदायत

पटूड़ी गांव में इन दिनों लोगों की आवाजाही कम होने के कारण जंगली जानवरों का खतरा भी बना हुआ है। पुलिस टीम ने दोनों बुजुर्गों को विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी।

पुलिस ने उन्हें अनावश्यक रूप से अकेले बाहर नहीं निकलने और किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की हिदायत दी।

राशन के साथ सुरक्षा का भरोसा भी दिया

सुनसान गांव में पहुंची पुलिस की पहल महज राशन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं रही। पुलिस कर्मियों ने बुजुर्ग भाई-बहन का हाल जाना और उन्हें यह भरोसा भी दिलाया कि जरूरत पड़ने पर वे पुलिस से संपर्क कर सकते हैं।

पहाड़ के गांवों में कपाट बंद होने के बाद जब बड़ी संख्या में लोग नीचे की ओर चले जाते हैं और कई गांवों की राहें सूनी पड़ जाती हैं, ऐसे में पटूड़ी गांव में पुलिस की यह पहल मानवीय संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल बनकर सामने आई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Menu

Search news