चमोली पुलिस ने चरस तस्करी नेटवर्क का किया पर्दाफाश, अंतिम फरार आरोपी देहरादून से गिरफ्तार

चमोली। चमोली पुलिस ने चरस तस्करी नेटवर्क का किया पर्दाफाश- जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चमोली पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 1.115 किलोग्राम कमर्शियल मात्रा में चरस बरामदगी मामले में फरार चल रहे अंतिम आरोपी को देहरादून से गिरफ्तार कर पूरे तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने इस मामले से जुड़े सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे तक पहुंचा दिया है।
ये भी पढ़ें-: थाईलैंड में चमकी चमोली की बेटी, मुन्नी देवी ने जीते दो स्वर्ण पदक
ऐसे हुआ था मामला
जानकारी के अनुसार, 08 दिसंबर 2025 को कोतवाली चमोली पुलिस बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हनुमान मंदिर, तेलाधाम के पास नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक Hero X-Pulse Pro मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक भागने लगा, लेकिन बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई।
तलाशी के दौरान उसके बैग से 1.115 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब ₹2.23 लाख बताई गई। मौके से गिरफ्तार आरोपी हिमांशु पुरोहित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मामला दर्ज किया गया तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई।
जांच में सामने आए अन्य आरोपी
मामले की विवेचना निरीक्षक नरेन्द्र रावत द्वारा की गई। जांच और पूछताछ के दौरान चरस तस्करी के इस नेटवर्क में दो अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने लगातार दबिश देकर 24 फरवरी 2026 को अमनदीप सिंह निवासी हेलंग को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
अंतिम आरोपी देहरादून से गिरफ्तार
इस प्रकरण में फरार चल रहे अंतिम आरोपी गोविन्द कुमार पुत्र गुड्डू राम, निवासी पाणा, थाना चमोली की तलाश पुलिस लगातार कर रही थी। मुखबिर तंत्र, तकनीकी साक्ष्यों और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश के बाद पुलिस ने 26 जून 2026 को उसे देहरादून से गिरफ्तार कर लिया।
आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस का सख्त संदेश
इस गिरफ्तारी के साथ ही चमोली पुलिस ने कमर्शियल मात्रा में चरस तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे का कारोबार करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है और “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई भविष्य में भी लगातार जारी रहेगी।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम:
- उपनिरीक्षक सत्येन्द्र बुटोला (एसओजी प्रभारी)
- उपनिरीक्षक मनोज भट्ट
ताज़ा समाचार अपडेट के लिए जुड़े रहें BBU उत्तराखंड पर।
अन्य खबरें –:




Leave a Reply