Skip to content
November 27, 2026
November 27, 2026

चमोली DIET में समर कैंप एवं हस्तलेखन कार्यशाला का शुभारंभ, 100 से अधिक बच्चों और 62 डीएलएड प्रशिक्षुओं ने लिया हिस्सा

3 min read

DIET गौचर चमोली में समर कैंप एवं हस्तलेखन कार्यशाला का शुभारंभ
DIET चमोली (गौचर) में आयोजित पांच दिवसीय समर कैंप एवं हस्तलेखन कार्यशाला में बच्चों और डीएलएड प्रशिक्षुओं को हस्तलेखन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

गौचर/चमोली। चमोली हस्तलेखन कार्यशाला- जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) चमोली, गौचर में गुरुवार को पांच दिवसीय समर कैंप एवं हस्तलेखन कार्यशाला का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। कार्यशाला में जिले के विभिन्न विद्यालयों से कक्षा 4 से 9 तक के लगभग 100 छात्र-छात्राएं तथा 62 डीएलएड प्रशिक्षु भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों की लिखावट को सुंदर, स्पष्ट एवं प्रभावशाली बनाना है, ताकि उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता और आत्मविश्वास में वृद्धि हो सके।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के प्राचार्य आकाश सारस्वत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सुंदर एवं स्पष्ट हस्तलेखन केवल परीक्षा में अच्छे अंक दिलाने में ही सहायक नहीं होता, बल्कि यह व्यक्ति के व्यक्तित्व और आत्मविश्वास को भी नई पहचान देता है। उन्होंने बताया कि संस्थान द्वारा लगातार चौथे वर्ष इस समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है, जो विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

ये भी पढ़ें-: जनपद चमोली के विकासखंड पोखरी अंतर्गत ग्राम पंचायत रडुवा गांव की बैजंती देवी बनीं आत्मनिर्भरता की मिसाल, सब्जी उत्पादन से लिख रही सफलता की नई कहानी

प्राचार्य ने कहा कि एक शिक्षक की लिखावट विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत होती है। इसलिए भावी अध्यापकों का लेखन साफ, सुंदर और प्रभावी होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने इस नवाचार की भी सराहना की, जिसमें कक्षा 6, 7 और 8 के विद्यार्थी स्वयं स्नातक युवाओं एवं डीएलएड प्रशिक्षुओं को हस्तलेखन का प्रशिक्षण दे रहे हैं। इसे उन्होंने ‘सीखो और सिखाओ’ की उत्कृष्ट मिसाल बताया।

कार्यशाला के मुख्य प्रशिक्षक नरेंद्र गिरि गोस्वामी प्रतिभागियों को हस्तलेखन की बारीकियां सिखा रहे हैं। उनके साथ दीक्षित, योगेश, बबलू, दीक्षा, भूमिका और लता सहायक प्रशिक्षक के रूप में प्रशिक्षण दे रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को अक्षरों की बनावट, शब्दों के बीच उचित दूरी, लेखन की गति, संतुलन तथा प्रस्तुतीकरण की तकनीकों की जानकारी दी जा रही है।

ये भी पढ़ें-:  थाईलैंड में चमकी चमोली की बेटी, मुन्नी देवी ने जीते दो स्वर्ण पदक

कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. कमलेश कुमार मिश्र ने बताया कि कार्यशाला 29 जून तक चलेगी। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य बच्चों में सुंदर लेखन की आदत विकसित करना, अक्षरों की स्पष्टता बढ़ाना और लेखन शैली को प्रभावशाली बनाना है। उन्होंने बताया कि स्थानीय बच्चों और डीएलएड प्रशिक्षुओं की संयुक्त सहभागिता इस आयोजन को शिक्षा एवं प्रशिक्षण का अनूठा मंच बना रही है।

उद्घाटन समारोह में संस्थान के वरिष्ठ संकाय सदस्य रविंद्र सिंह बर्त्वाल, गोपाल प्रसाद कपरूवाण, डॉ. गजपाल राज, सुबोध डिमरी, शशि कंडवाल, प्रभु दयाल तथा मनोज धपवाल सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. कमलेश कुमार मिश्र ने किया।


ताज़ा समाचार अपडेट के लिए जुड़े रहें BBU उत्तराखंड पर।


अन्य खबरें –:


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Menu

Search news